कनाडा भेजना था युवक को, पर वह उसे बेंगलूरू ले गया। उसके बाद नौजवान जिस तरह की हालत में मिला, देखकर उसके परिजन चीखने चिल्लाने लगे। घटना पंजाब के होशियारपुर की है। कनाडा भेजने के बहाने बेंगलुरु ले जाकर युवक की हत्या का मामला सामने आया है। यह युवक कई महीनों से गायब था।
गांव कल्याणपुर निवासी युवक सुरिंदरपाल सिंह पाली की लाश बेंगलूरू पुलिस को छह दिसंबर को बेंगलुरु थाना रामनगर रूरल इलाके में झाड़ियों में मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर 72 घंटे तक लाश को रखने के बाद अज्ञात लाश समझ कर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था।
पाली के परिवार को इसकी सूचना बेंगलूरू पहुंचने के बाद मिली। टांडा पुलिस ने 15 जनवरी को पाली के गायब होने के बाद यह मामला उसके साले गोबिंद सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी लम्मे (कपूरथला) के बयान के आधार पर हरमिंदर सिंह शैली पुत्र सुरजीत सिंह निवासी चक्क शरीफ, जेडी पटेल, संजीव व नरेश पटेल के खिलाफ दर्ज किया है।
पैसे देकर छूटे दो युवकों से पता चली सच्चाई
boy murder
पुलिस को दिए बयान में मृतक के साले गोबिंद सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रेवल एजेंट हरमिंदर सिंह शैली, उसके जीजा सुरिंदरपाल सिंह पुत्र सेवा सिंह निवासी कल्याणपुर को तीन दिसंबर 2017 को कनाडा भेजने के नाम पर घर से ले गए। आरोपियों ने पहले अमृतसर से मुंबई ले गए। वहां से बेंगलूरू ले जाकर कनाडा की भेजने की बात कही।
गोबिंद सिंह ने आरोप लगाया कि उसके जीजा को शैली व उसके साथियों ने कनाडा भेजने के बजाय अगवा कर बेंगलूरू में ही बंदी बना कर रखा। उन्हें यह जानकारी उसके जीजा के साथ गए अन्य युवक मनी निवासी चक्क शरीफ व खुरदां निवासी गोपी ने दी है। जो 21 और 22 लाख रुपये देकर छूटे, फिर घर पहुंचे।
उन्होंने गोबिंद को बताया कि आरोपियों ने उसके जीजा को बुरी तरह पीटा है। बीते दिनों जब पाली के पारिवारिक सदस्य पुलिस के साथ बेंगलूरू पहुंचे तो उन्हें इस अनहोनी के बारे में पता चला। इस संबंध में पाली के परिवार से उसकी पत्नी पलविंदर कौर, बेटा, बेटी, पाली की बहनों ने पाली के हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।