पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने ब्ल्यू व्हेल ऑनलाइन गेम के खतरनाक प्रभावों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों न इस गेम पर और इससे जुड़े समाचार प्रकाशित करने पर रोक लगा दी जाए। हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के साथ ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ को भी 20 सितंबर के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जस्टिस एके मित्तल एवं जस्टिस अमित रावल की खंडपीठ ने यह नोटिस इस मामले को लेकर एडवोकेट हितेश कपलिश द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद जारी किया है।
याचिका में यह भी मांग की गई है कि इस गेम को लेकर प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया भी जाया समाचार प्रकाशित न करे, क्योंकि मीडिया के चलते ही यह गेम काफी चर्चा में आया है और कई ऐसे युवा भी अब इस गेम की गिरफ्त में फंस सकते हैं, जिन्हें अब तक इस गेम के बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी।