हरियाणा विधानसभा चुनाव में सिरसा से हरियाणा लोकहित पार्टी के विजयी उम्मीदवार गोपाल कांडा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने गोपाल कांडा को 13 फरवरी के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल सेतिया ने एडवोकेट परविंदर सिंह के जरिए चुनावी याचिका दायर कर गोपाल कांडा के निर्वाचन को चुनौती दी है।
सेतिया ने आरोप लगाया है कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए गोपाल कांडा ने चुनाव में पैसा और शराब बांटी थी। साथ ही नामांकन भरते समय गोपाल कांडा ने जो अंडरटेकिंग दी थी उसका भी पालन नहीं किया। नामांकन भरते समय गोपाल कांडा ने अंडरटेकिंग दी थी कि उसके खिलाफ जो भी मामले दर्ज हैं उनके बारे में वह एक समाचार पत्र में जानकारी देंगे।
गोकुल सेतिया का आरोप है कि गोपाल कांडा ने यह जानकारी एक ऐसे समाचार पत्र में दी जिसके बारे में लोग ज्यादा नहीं जानते हैं। ऐसे में गोपाल कांडा पर गलत तरीके से चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए याचिकाकर्ता ने गोपाल कांडा का निर्वाचन रद्द करने की मांग की है। गोकुल सेतिया ने कहा कि इस सबका चुनाव के नतीजों पर काफी प्रभाव पड़ा है। मतगणना के दौरान गोकुल सेतिया लगातार गोपाल कांडा से आगे चल रहे थे लेकिन अंत में वह 602 वोटों से हार गए थे। गोकुल सेतिया को 44,313 वोट मिले थे।