जंडियाला थाने के क्षेत्र के गांव नवांपिंड में कुछ दिन पहले सरबजीत कौर पत्नी महिंदर सिंह की घर में संदिग्ध हालात में मौत हुई थी।
महिला के परिवार वालों ने उसके पति महिंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय अजीत सिंह और उसकी माता सुखविंदर कौर पर थाना जंडियाला में दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसकी वजह से पुलिस मृतका के पति और उसकी सास को गिरफ्तार कर थाना जंडियाला में लाए थे। बुधवार को सुखविंदर कौर की पुलिस हवालात में मौत हो गई।
इसकी खबर सुनकर सुखविंदर कौर के परिवार वालों और गांव निवासियों में बवाल मच गया। गांव निवासी औरतों समेत थाना जंडियाला पहुंचे। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और रोड जाम करने की कोशिश भी कई । देखते ही देखते थाना जंडियाला पुलिस छावनी में तबदील हो गया।
इस मौके पर पुलिस के आला अधिकारी एसपी हेड क्वार्टर देहाती बलबीर सिंह व एसपीडी राजेश्वर सिंह सिद्धू समेत भारी पुलिस बल पहुंचे। हवालात में हुई मौत को लेकर अमृतसर के सीजीएम श्रृल सोही पहुंचे, जो इस मामले की न्यायिक जांच करेंगे । एसपीडी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बता दें कि मृतका अमृतधारी औरत थी। उसकी बेटी हरवंत कौर ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी माता आत्महत्या नहीं कर सकतीं। इस मामले में उन से पुलिस ने मारपीट की है इसलिए उनकी मां के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर डीएसपी जंडियाला ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाकर शांत किया।