भारत-पाक सीमा पर शनिवार सुबह हिंदूमलकोट क्षेत्र में फायरिंग होने से दहशत फैल गई। वहां काम कर रहे भारतीय किसानों ने जमीन पर लेट कर जान बचाई। मामले की सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल के आईजी बॉर्डर के लिए रवाना हो गए। जोधपुर में बीएसएफ के डीआईजी रवि गांधी ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तानी क्षेत्र में पक्षियों के शिकार के लिए फायरिंग हुई है। पाक शेखों द्वारा शिकार के चलते गोली चलाई गई, लेकिन इसके बावजूद सीमा पर बीएसएफ पूरी तरह से मुस्तैद है।
एसपी हेमंत शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 10:55 बजे हिंदूमलकोट बॉर्डर पर पिल्लर नं. 278/03 एस के पास किसान सुखदेव सिंह और हरदेव सिंह अपने दो मजदूरों के साथ तारबंदी के उस तरफ अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान जिप्सी पर आए पाक रेंजरों ने राइफल से फायर कर दिया। पहले से ही प्रशिक्षित किसान और मजदूर जमीन पर लेट गए। गोली की आवाज सुनते ही सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवान सतर्क हो गए लेकिन तब तक पाक रेंजर वहां से चले गए। किसानों ने मामले की जानकारी सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों को दी।