चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय को छात्रावासों के जरिए 11.50 करोड़ की आमदनी होगी, जिसमें लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च करेगी। छात्रावासों में विद्यार्थियों को इस बार सुविधाएं अधिक मिलेंगी। जानकारों का कहना है कि पीयू की आमदनी तभी अधिक होगी, जब छात्रावास सभी विद्यार्थियों के लिए खोले जाएंगे। अब तक विद्यार्थी कैंपस नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस पर पीयू जल्द निर्णय ले।
पीयू में 20 छात्रावास हैं। एक छात्रावास निर्माणाधीन है। इन छात्रावासों में पीयू हर साल लगभग आठ हजार विद्यार्थियों को ठहराती है। इसके बदले उनसे निर्धारित शुल्क लिया जाता है। इस बार भी पीयू ने छात्रावासों का बजट तैयार किया है। किराया आदि के जरिए पीयू 11.50 करोड़ रुपये कमाएगी। इस बार आमदनी का बजट अधिक रखा गया है। उसी हिसाब से खर्च भी होगा।
सूत्रों का कहना है कि छात्रावासों के शौचालय आधुनिक होंगे। इसके अलावा मेस आदि में कार्य होगा। मॉड्यूलर यानी आधुनिक रसोई भी होगी। खाना खाने के लिए बैठने को विशेष इंतजाम किए जाने की तैयारी है। कुछ छात्रावासों का विस्तार भी किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि पीयू इसके लिए पूरी योजना बनाने में जुटी हुई है।