चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में सोमवार को ऑनलाइन क्लासेज का पहला दिन था। जानकारी के अनुसार सोमवार को कुछ विभागों ने ही ऑनलाइन क्लास लगाई। उसमें भी पांच लेक्चर के शेड्यूल में सिर्फ 10-15 मिनट का एक लेक्चर लगाया गया। वहीं कई विभागों ने अभी नए सेशन की क्लासेज के लिए शेड्यूल ही नहीं बनाया है।
विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें क्लास ग्रुप में ऑनलाइन क्लासेज का अभी कोई शेड्यूल नहीं भेजा गया है। पंजाब यूनिवर्सिटी ने मिड सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रोविशनली अगले सेमेस्टर में प्रमोट कर दिया है। बीए थ्री ईयर लॉ की छात्रा बेनजीर ने बताया कि उन्हें फाइनल ईयर में प्रमोट कर दिया गया है, ताकि वे अगले सेमेस्टर की क्लास अटेंड कर सकें। लेकिन डिपार्टमेंट की तरफ से उनकी क्लास की ऑनलाइन असाइनमेंट ली जाएगी। इसके लिए डिपार्टमेंट ने शेड्यूल भी तैयार करउन्हें भेज दिया है। इसमें उनकी क्लास की ऑनलाइन मूक प्रेजेंटेशन होगी। इसके साथ ही पिछले सभी सेमेस्टर की अंकों को मिलाकर उनके आधार पर इस सेमेस्टर के अंक लगाए जाएंगे।
क्या कहते हैं स्टूडेंट्स
नेटवर्क की आ रही समस्या
सुबह 9 से शाम 4 बजे तक का 4 क्लासेज का शेड्यूल हमें क्लास ग्रुप में भेजा गया है। पहले दिन सोमवार को हमारा 10 मिनट का एक लेक्चर लगा। उसमें भी नेटवर्क की समस्या आ रही थी। पहले दिन सिर्फ पांच विद्यार्थियों ने ही क्लास अटेंड की। - बेनजीर , लॉ फाइनल ईयर स्टूडेंट
राखी के कारण ज्यादातर विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
हमें क्लास ग्रुप में ऑनलाइन क्लास का शेड्यूल भेज दिया है। रोजाना पांच लेक्चर लगाए जाने हैं। पहले दिन की क्लास में सिर्फ विद्यार्थियों का इंट्रोडक्शन लिया गया। राखी के कारण ज्यादातर विद्यार्थी क्लास में अनुपस्थित रहे।
- मनप्रीत माहल, गांधियन स्टडीज, फाइनल ईयर स्टूडेंट
अभी तक नहीं भेजा ऑनलाइन क्लास का शेड्यूल
अभी तक क्लास ग्रुप में ऑनलाइन क्लास का कोई शेड्यूल नहीं भेजा गया है। डिपार्टमेंट की तरफ से भी कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। पीयू ने सभी विभागों के लिए सोमवार से जो ऑनलाइन क्लास की सूचना दी है, अभी तक हमें सिर्फ उसी की जानकारी है।
- चैतन्य, यूआईएलएस, फाइनल ईयर स्टूडेंट