चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के स्नातक व परास्नातक के सम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की ऑनलाइन परीक्षाएं 28 जून से होने जा रही हैं। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 9 जुलाई से होंगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र वेबसाइट के जरिए उपलब्ध कराए जाएंगे। सोमवार से शुरू हो रही परीक्षा में तीन लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। किसी भी विद्यार्थी को कोई सूचना चाहिए तो वह वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।
पीयू ने कहा है कि नियमित विद्यार्थियों को उनके कॉलेजों व संस्थानों की ओर से रोल नंबर जारी कर दिए गए थे। निजी और यूएसओएल के विद्यार्थी पीयू की वेबसाइट से अपने रोल नंबर डाउनलोड कर लिए हैं। अब सोमवार से वह परीक्षा में शामिल होंगे। प्रश्नपत्र के लिए स्नातक के छात्र ugexam.puchd.ac.in और परास्नातक के छात्र pgexam .puchd.ac.in वेबसाइट से प्रश्नपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से 15 से 20 मिनट पहले मिल जाएगा। विद्यार्थियों को ए फॉर साइज की उत्तर पुस्तिका पर उत्तर लिखने होंगे। विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका के एक ही तरफ उत्तर लिखने होंगे। उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ परीक्षा समाप्ति के 60 मिनट के अंदर अपलोड करनी होगी। इस बार विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और पुन: जांच की अनुमति दी गई है। पीयू ने कहा है कि विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं।