चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के खेल विभाग ने भी अपने खेल सेंटर खोल दिए हैं। अभी स्टेट, नेशनल और इंटरनेशनल लेवल के खिलाड़ियों को अभ्यास की अनुमति दी गई है।
पीयू के खेल विभाग ने अपने कोचों को खेल सेंटर को खोलने की सूचना दे दी थी, जिसके बाद कोचों ने अपने-अपने खेल से संबंधित खिलाड़ियों को बता दिया था। पीयू के खेल सेंटर कोविड में लॉकडाउन में बंद किए गए थे।
पंजाब यूनिवर्सिटी के मुख्य मैदान पर कई खेलों के एक साथ खेलने का बुनियादी ढांचा है। यहां पर एथलेटिक्स का ट्रैक बना हुआ है। फुटबॉल के मैदान बने हुए हैं। हॉकी का टर्फ हैं। इसके साथ ही वालीबाल, बास्केटबॉल, टेनिस, मुक्केबाजी और एथलेटिक्स का बुनियादी ढांचा मौजूद हैं।
आज से पास वाले खिलाड़ियों को मिलेगी एंट्री
पंजाब यूनिवर्सिटी के खेल विभाग के डिप्टी डायेक्टर राकेश मलिक ने बताया कि अब सोमवार से पास बनाने वाले खिलाड़ियों को भी अभ्यास की अनुमति होगी। पास बनाने वाले खिलाड़ी शूटिंग और लॉन टेनिस के सेंटर पर अभ्यास कर सकेंगे।