चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की ओर से 35 विश्वविद्यालयों के 700 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंगलवार से शुरू हुए प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने ऑनलाइन पढ़ाई के गुर सीखे।
प्रशिक्षण का शुभारंभ वीसी प्रो. राजकुमार ने किया। उन्होंने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। शिक्षा क्षेत्र भी सबसे प्रभावित क्षेत्रों में हैं लेकिन इस समय का सदुपयोग किया जाना चाहिए। ऑनलाइन शिक्षा की ओर सभी को बढ़ना होगा। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल सभी शिक्षकों का स्वागत करते कहा कि प्रशिक्षण के जरिये नए रास्ते खुलेंगे। कैलम व स्वयं मंच की ओर से दिए गए प्रशिक्षण में नोट्स बनाने, शिक्षण को प्रभावी बनाने आदि के तरीके बताए गए। यह भी बताया गया कि किन-किन माध्यमों से ऑनलाइन शिक्षा दी जा सकती है। ऑनलाइन शिक्षा के जरिये छात्रों के व्यवहार को मेंटेन करने के तरीके भी बताए गए। इस दौरान प्रो. जतिंदर ग्रोवर, स्वयं मंच के कोऑर्डिनेटर डॉ. विशाल शर्मा आदि रहे।