माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने दो साल से रिसर्च कर रहे शोधार्थियों को छात्रावासों में आने की अनुमति दे दी है। इसी के साथ पहले दिन आठ से दस शोधार्थी छात्रावासों में पहुंचे। कुछ शोधार्थी कोविड की जांच करवाने गए हुए हैं। वह भी जल्द ही पीयू छात्रावासों में पहुंचेंगे।
अनलॉक- 5 के बाद पीयू के उन शोधार्थियों को कैंपस में आने की अनुमति दे दी गई जो तीन साल से शोध कर रहे थे। उनके लिए गाइडलाइन जारी की गई। अब पीयू ने उन शोधार्थियों को भी आने की अनुमति दे दी है जो दो साल से रिसर्च कार्यों में जुटे थे। इससे उन्हें राहत मिली है। उनका कहना है कि रिसर्च का कार्य लॉकडाउन के बाद से प्रभावित हो रहा था। गाइडेंस भी नहीं मिल पा रही थी। वह काफी समय से मांग करते आ रहे थे कि पीयू में आने की उन्हें अनुमति मिले ताकि वह अपने रिसर्च को आगे बढ़ा सकें। उसी के तहत पहले दिन 24 नवंबर को आठ से दस शोधार्थी छात्रावासों में पहुंचे हैं। उन्हें भी कहा गया है कि कोविड गाइड लाइन का पालन करें अन्यथा कार्रवाई से गुजरना होगा। उनके लिए खाने की व्यवस्था पीयू की ओर से की जा रही है। सूत्रों का यह भी कहना है कि 1 दिसंबर से पीयू के सभी छात्रावास पूरी तरह खोल दिए जाएंगे। हालांकि इसके लिए अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।