चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी शासन सुधार के लिए उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक सोमवार को होने जा रही है। सूत्रों का कहना है कि कमेटी के सदस्य आए सुझावों पर अपनी राय रखेंगे और उसके बाद इसका खाका तैयार करके चांसलर कार्यालय को भेज दिया जाएगा।
11 सदस्यीय समिति की बैठक हर बार की तरह ऑनलाइन ही होनी है। सूत्रों का कहना है कि समिति ने आए 250 से अधिक सुझावों पर अमल करते हुए उसी के मुताबिक निर्णय लिए हैं। बताया जा रहा है कि समिति चाहती है कि सीनेट में सदस्यों की संख्या आधी हो। साथ ही कुछ वर्गों के चुनाव की वह पक्षधर नहीं है। डीन के चुनाव करवाने के लिए भी कमेटी तैयार नहीं है। उनका मानना है कि यह एकेडमिक पद है। ऐसे में विभागों के प्रोफेसरों को जगह दी जानी चाहिए। साथ ही अन्य समिति में भी सीनेटरों की बजाय पीयू के शिक्षकों को रखने की सिफारिश की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि समिति का जोर है कि पीयू कैंपस के शिक्षक ही पीयू का संचालन करें। राजनीति से सीनेट को दूर रखा जाए। हालांकि सोमवार की बैठक में तमाम बातें साफ हो जाएंगी। सभी की नजरें इस बैठक पर भी टिकी हुई हैं।