चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से बीकॉम तृतीय वर्ष के ऑपरेशनल रिसर्च में फेल हुए विद्यार्थियों को दस ग्रेस अंक दिए गए हैं। ग्रेस अंक देने के बाद पीयू की ओर से शुक्रवार को रिजल्ट अपडेट किया गया है। रिजल्ट अपडेट करने के बाद कॉलेजों और पीयू के अधिकांश छात्र ऑपरेशनल रिसर्च के पेपर में पास हो गए हैं।
वहीं, कई छात्र ऐसे भी हैं जो ग्रेस अंक देने के बाद भी फेल हैं। उन्होंने शुक्रवार को भी कुछ देर के लिए एडमिन ब्लॉक के बाहर नारेबाजी की लेकिन पीयू सिक्योरिटी ने उन्हें समझाकर घर भेज दिया। ये छात्र सभी विद्यार्थियों को पास करने की मांग कर रहे थे। पीयू परीक्षा नियंत्रक प्रो. जगत भूषण ने कहा कि छात्रों की मांग के बाद कमेटी ने सभी छात्रों को 10 अंक ग्रेस देने का फैसला लिया था। ग्रेस अंकों के साथ छात्रों का रिजल्ट अपडेट कर दिया गया है।