चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी सेमेस्टर परीक्षाएं फरवरी में ही ऑनलाइन करवाने की योजना बना रही है। शनिवार को इस पर चर्चा हुई, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। यह परीक्षाएं दिसंबर में होनी थीं।
डीयूआई प्रो. आरके सिंगला की अध्यक्षता में यह बैठक ऑनलाइन आयोजित की गई थी। इसमें पीयू के अधिकारी व कॉलेजों के प्राचार्यों को भी जोड़ा गया। ऑनलाइन परीक्षा कराने पर सभी से राय मांगी गई। अधिकांश लोगों ने राय दी कि परीक्षा ऑनलाइन करवाई जाएं। कुछ ने बताया कि सितंबर में आयोजित की गई ऑनलाइन परीक्षाएं भी ठीक रही हैं। उनका भी मॉडल लागू किया जा सकता है, लेकिन उस मॉडल में नकल आदि रोकने के बंदोबस्त नहीं थे। ऐसे में यह व्यवस्था की जाए। माना जा रहा है कि पिछली ऑनलाइन परीक्षा की तरह ही विद्यार्थियों को मेल आदि के जरिए पेपर मिल सकेगा। परीक्षा का समय दो घंटे ही रखा जाएगा। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम आदि बनाए जाएंगे। प्रश्नपत्र कैसे होने चाहिए और कैसे नहीं। इस पर भी बातचीत हुई। सूत्रों का कहना है कि परीक्षा ऑनलाइन ही होगी। यह लगभग तय हो गया है लेकिन गाइड लाइन में किन-किन बिंदुओं को शामिल किया जाएगा यह अभी बताना बाकी है। इस बैठक का निष्कर्ष अधिकारी निकालेंगे। सोमवार तक कार्यक्रम जारी हो सकता है।