चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में आदित्य ठाकुर की हत्या के बाद पीयू प्रशासन जागा है। पीयू ने साउथ कैंपस में सेक्टर-25 वाली साइड के छोटे गेट पर ताला जड़ दिया है। साथ ही एक सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात किया है। आदित्य की हत्या से विद्यार्थियों में गुस्सा है। इसे लेकर सोमवार को यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालाॅजी विभाग की ओर से पीयू के रोज गार्डन से लेकर यूआईटी विभाग तक मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
यूआईईटी के छात्र गौरांग, हरित विज चौबे, अर्नव रघुवंशी, प्रिंस ठाकुर और उत्कर्ष दुबे ने कहा कि लंबे समय से पीयू में सिक्योरिटी व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की जा रही है, लेकिन पीयू प्रशासन आंखों पर पट्टी बांधे रहा। इस अनदेखी ने आदित्य की जान ले ली। घटना के बाद 20 मिनट तक आदित्य भीड़ के बीच आखिरी सांसें ले रहा था। पीयू की न के बराबर सिक्योरिटी सिंगर के गाने सुनने में व्यस्त थी। यदि समय पर भी आदित्य को अस्पताल ले जाया जाता तो वह बच सकता था। उन्होंने कहा कि जब तक आदित्य को इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक यूआईईटी विभाग में कोई भी विद्यार्थी कक्षाएं नहीं लगाएगा। इसके अलावा यूआईईटी विभाग के ब्लॉक नंबर-1 के सामने मंगलवार सुबह 10 बजे विद्यार्थी प्रदर्शन करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि साउथ कैंपस में हर समय खतरा मंडरा रहा है। इस साइड पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। आदित्य की हत्या के दो दिन बाद पीयू प्रशासन ने सेक्टर-25 की साइड से आने वाले रास्ते के छोटे गेट पर ताला लगाया है। विद्यार्थियों ने कहा कि यह सख्ती पहले की होती तो स्टार नाइट में आउटसाइडर प्रवेश नहीं करते।
आज सभी छात्र संगठन प्रदर्शन कर सिक्योरिटी इंचार्ज और डीएसडब्ल्यू के इस्तीफे की करेंगे मांग
दो दिन से यूनिवर्सिटी में विद्यार्थी धरने पर बैठकर इंसाफ की मांग कर रहे हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि पीयू प्रशासन की लापरवाही से आदित्य की हत्या हुई है। इस धरने में राजनीतिक विचारों को पीछे रखते हुए सभी विद्यार्थी संगठनों के सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को स्टूडेंट सेंटर पर सभी की मीटिंग हुई। इसमें फैसला लिया गया है कि मंगलवार को 12 बजे बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें सिक्योरिटी इंचार्ज और डीएसडब्ल्यू के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
होली पर छात्राओं से भी छेड़छाड़ हुई, सिक्योरिटी दुरुस्त करने के कदम नहीं उठाए जा रहे
विद्यार्थियों ने कहा कि पीयू में होली पर दीवारों से आउटसाइडर कैंपस में आए थे। छात्राओं के साथ छेड़छाड़ हुई। उसके बाद पीयू ने दीवारों को ऊंचा करने के ऑर्डर निकाल दिए, लेकिन सिक्योरिटी दुरुस्त करने पर कोई कदम नहीं उठाया गया। स्टार नाइट के दौरान भी इन्हीं दीवारों से आउटसाइडर अंदर आए। जब इंचार्ज बच्चों के लिए कुछ नहीं कर पा रहे तो उन्हें इस्तीफा देकर घर जाना चाहिए।