चंडीगढ़। सोमवार को कई छात्र संगठनों ने पीयू के एडमिन ब्लॉक के बाहर प्रदर्शन किया। छात्र कई घंटे तक नारे लगाते रहे। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा। छात्रों की मांग थी कि परीक्षाएं आयोजित न की जाएं और छात्रों को बिना परीक्षा के इंटरनल अंकों के आधार पर प्रमोट किया जाए। साथ ही डिग्री में प्रमोट की जगह सेमेस्टर के अंक लिखे जाएं।
आइसा, यूथ फॉर स्वराज आदि छात्र संगठनों के कार्यकर्ता एडमिन ब्लॉक में पहुंचे। वहां सिंडिकेट की बैठक शुरू होने से पहले सभी छात्रों ने यूजीसी की गाइडलाइन का विरोध करते हुए नारेबाजी की। उसके बाद सिंडिकेट के मेंबर्स को अपना मांग पत्र दिया। सिंडिकेट में भी यह बात उठी लेकिन निर्णय तो यूजीसी को लेना है।
छात्रों का कहना है कि परीक्षाएं हुईं तो छात्रों को कोरोना से बड़ा खतरा हो सकता है। यातायात के साधनों का अभाव है इस कारण वे परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सकेंगे। इसलिए परीक्षाएं किसी भी कीमत पर न कराई जाएं।