चंडीगढ़। चंडीगढ़ सबआर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन (इंटक) 16 जून से लगातार डीसी रेट बढ़ाने और अन्य मांगें मनवाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रही है। फेडरेशन के संयोजक राकेश कुमार ने बताया कि मुलाजिम मांगों को मनवाने के लिए लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सांसद किरण खेर की चुप्पी मुलाजिमों के गुस्से को बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि किरण खेर ने आउटसोर्स मुलाजिमों को नियमित करवाने के अलावा समान काम के लिए समान वेतन लागू करवाने तथा आउटसोर्सिंग वर्करों के लिए सिक्योर पॉलिसी बनाने का वादा किया था। वह अपने वादों को भूल चुकी हैं और चुप्पी साध रखी है। इसी के विरोध में सांसद के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन होगा। प्रदर्शन की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
कब-कब चुप रहीं सांसद
फेडरेशन के संयोजक राकेश कुमार ने बताया कि सांसद कब-कब चुप रहीं हैं।
-केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ के बजट में 20% की कटौती की, लेकिन सांसद चुप रहीं।
- मुलाजिमों का डीए 1 जनवरी, 2021 तक फ्रीज कर दिया गया तब भी चुप रहीं।
- चंडीगढ़ प्रशासन ने आउटसोर्स मुलाजिमों का डीसी रेट बढ़ाने पर रोक लगा दी तब भी चुप रहीं।
- जेम प्रणाली के ठेकेदारों द्वारा आउटसोर्स मुलाजिमों को नौकरी से निकाला जा रहा है सांसद फिर भी चुप रहीं।
- कारपोरेशन में 557 नई पोस्ट सुनिश्चित की गई है, लेकिन डेली वेज मुलाजिमों को रेगुलर नहीं किया जा रहा है और न भत्ते दिए जा रहे हैं इस पर भी सांसद किरण खेर चुप हैं।