पीजीटी से प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति जल्द, निदेशक के पास पहुंची फाइल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में पीजीटी से प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति का इंतजार अब खत्म होने वाला है। विभाग ने सूची तैयार करके सेकंडरी निदेशक के पास भेज दी है। जल्द ही इस पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। यह जानकारी विभाग के अतिरिक्त निदेशक सतपाल शर्मा ने हसला प्रतिनिधिमंडल को दी। हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु के नेतृत्व में अध्यापकों ने कई मुद्दे बैठक में रखे।
हसला के प्रवक्ता अजीत चंदेनिलया ने बताया कि स्टेट टीचर अवाॅर्ड पाॅलिसी 2020 में संशोधन के लिए विभाग की ओर से कमेटी गठित कर दी है। साथ ही एलटीसी 2020-23 से संबंधित बजट सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (प्रत्येक जिले को 1,25,00,000) को जारी कर दिया गया है। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पीजीटी पद के स्वीकृत पदों को कंफर्म करवाने का मसौदा जल्द वित्त विभाग को भेजा जाएगा। वरिष्ठता सूची 2019 से संबंधित दी गई आपत्तियों को दूर करने के लिए कमेटी गठित कर दी की गई है। हसला की ओर से एसीपी के लंबित केसों को लेकर विरोध जताया और मांग की कि जल्द ही इन केसों को पूरा किया जाए। इस दौरान राज्य वित्त सचिव पवन मोर, राज्य प्रवक्ता राजेश देशवाल, राज्य सह सचिव रिंकल कुमार मौजूद रहे।