अपनी मांगें न माने जाने पर पंजाब मोटर यूनियन के सदस्य आगामी एक जुलाई को अपनी बसें खड़ी करके इनकी चाबियां मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को सौंप देंगे।
यह घोषणा यूनियन के अध्यक्ष व पंजाब के पूर्व मंत्री अवतार हेनरी और कार्यकारी अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव जगदीश साहनी ने सोमवार को यहां एक प्रेस वार्ता के दौरान की।
उन्होंने कहा कि डीजल के रेट आसमान छू रहे हैं और टैक्सों की मार निजी ट्रांसपोर्टरों पर पड़ रही है। वहीं, सरकार है कि उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान ही नहीं दे रही है।
उनकी मांग है कि मोटर व्हीकल टैक्स तीन से कम करके दो रुपये किमी किया जाए, बस किराया 83 से बढ़ाकर 93 पैसे प्रति किलोमीटर हो, डीजल पर वैट कम किया जाए, अड्डा फीस फर्स्ट स्टेज पर चार्ज हो, निजी बसों को टॉल टैक्स माफ हो, टाइम टेबल में एकरूपता लाई जाए और अवैध ऑटो रिक्श बंद करवाए जाएं। इस अवसर पर राजिंदर सिंह बाजवा, कुलदीप सिंह ढिल्लों आदि ट्रांसपोर्टर नेता भी शामिल थे।