प्रदेश में चुनावी रंग गाढ़ा करने और मतदाताओं को रिझाने स्टार प्रचार रण में उतर आए हैं। आने वाले दिनों में कई बड़े नेताओं की सभा होंगी। फिलहाल भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में सोमवार से पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई स्टार प्रचारक सभा करने निकलेंगे।
विज्ञापन
इनमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व क्रिकेटर और भाजपा नेता नवजोत सिंह सिद्धू और अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी के नाम शामिल हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे नई सब्जी मंडी हिसार में, दोपहर 2 बजे थीम पार्क कुरुक्षेत्र में और शाम 4 बजे दशहरा मैदान फ रीदाबाद में जनसभा करेंगे।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11.30 बजे अटेली, दोपहर 12.30 बजे नांगल चौधरी, दोपहर 2 बजे बादशाहपुर और शाम 3.30 बजे बादली में चुनावी सभा करेंगे।
विज्ञापन
वहीं, दिल्ली से सांसद और फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी सोमवार को दोपहर 12 बजे पंचकूला, डेढ़ बजे यमुनानगर, तीन बजे करनाल और शाम चार बजे पानीपत में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।
हिसार में 27 मिनट भाषण देंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह भाजपा के पक्ष में प्रचार करने के लिए रैली को संबोधित करेंगे। वे 10 बजकर 50 मिनट पर हिसार एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
वहां से करीब चार से पांच मिनट में मिल गेट सड़क मार्ग से होते हुए मोदी नई सब्जी मंडी स्थित रैली स्थल पहुंचेंगे। भाषण के बाद ठीक 11 बजकर 50 मिनट पर पीएम रैली स्थल से रवाना होकर आगे कुरुक्षेत्र के लिए प्रस्थान करेंगे। वे हिसार में करीब 27 मिनट तक भाषण देंगे।
स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जाएंगे आठ लोग प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार हिसार पहुंच रहे नरेंद्र मोदी के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सबसे पहले उनका हवाई अड्डे पर स्वागत होगा। मोदी का विशेष हवाई जहाज करीब 10 बजकर 50 मिनट पर एयरपोर्ट पर उतरेगा।
बीजेपी नेताओं ने बताया है कि हवाई अड्डे पर पीएम के विशेष स्वागत के लिए आठ वीआईपी सदस्य पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री जब रैली स्थल पर पहुंच जाएंगे तो 25 वीआईपी लोगों की टीम उनका स्वागत करेगी।
मोदी के साथ मुख्य स्टेज पर बैठेंगे 20 नेता
पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मुख्य स्टेज पर हिसार लोकसभा क्षेत्र के 9 प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु, डॉ. कमल गुप्ता, कर्ण सिंह राणौलिया, सीमा गैबीपुर, सुरेंद्र पूनिया, मास्टर हरि सिंह, छतरपाल, प्रेमलता और विशंभर वाल्मीकि बैठेंगे।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्याण, हरियाणा चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार, रैली संयोजक सुभाष गोयकां व रवि सैनी, प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा, बीरेंद्र डूमरखां, प्रवीन जैन और मंदीप मलिक सहित 11 बीजेपी पदाधिकारी इस स्टेज पर बैठेंगे।
10 हजार कुर्सी, 2 लाख लोगों के बैठने का प्रबंध रैली स्थल में विशेष लोगों के बैठने के लिए 10 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा एक बड़ा सा टेंट लगाया गया है जिसमें 2 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली में आई पब्लिक को मोदी का भाषण सुनने और उनकी झलक पाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रैली स्थल पर बड़ी-बड़ी कई एलसीडी लगाई जाएंगी।
रैली में मोदी के लिए होंगे चार स्टेज
रैली में कुल चार स्टेज लगेंगे। मुख्य स्टेज पर पीएम व उनके साथ 20 नेता बैठेंगे। इसके अलावा दूसरे स्टेज पर प्रदेशस्तरीय नेता बैठेंगे। तीसरे स्टेज पर हिसार के साथ-साथ अन्य जगह के नेता बैठेंगे। चौथा स्टेज मीडिया कर्मियों के लिए होगा।
मैटल डिटेक्टर से गुजरना होगा हर व्यक्ति को रैली स्थल के अंदर जाने वाले हर व्यक्ति को मैटल डिटेक्टर से गुजरना होगा। इसके अलावा मंच के आगे जगह खाली रखने के लिए एक सेफ्टी डी बनाई गई है। यह एक तरह से सुरक्षा घेरा होगा जिसके चारों तरफ पुलिस बल तैनात रहेगा।
रैली क्षेत्र में 10 नाके, घोड़ा पुलिस करेगी गश्त पुलिस पीआरओ चंद्रभान ने बताया कि रैली स्थल के आसपास 10 नाके लगाए जाएंगे। किसी भी व्हिकल को बिना चेकिंग के नहीं गुजरने दिया जाएगा। घोड़ा पुलिस भी गश्त करेगी। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रहेगी।
आसपास के घरों पर भी रहेगी पुलिस बल तैनात पीएम की कड़ी सुरक्षा के लिए सब्जी मंडी के आसपास के घरों की छत पर भी पुलिस बल तैनात किए जाएगा। ऊंची बिल्डिंगों पर पुलिस निगरानी के लिए तैनात रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को होने वाली रैली के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मोदी पहली बार हिसार आ रहे हैं। वे 11 बजे हिसार पहुंचेंगे। मोदी की सुरक्षा के लिए शहर भर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
सुरक्षा में कहीं किसी प्रकार की चूक न हो इसके लिए हिसार रेंज के अंदर आने वाले दूसरे जिलों से भी पुलिस कर्मचारी बुलाए गए हैं। रैली स्थल एवं मौदी की रैली के लिए आठ आईपीएस सुरक्षा की कमान संभालेंगे। उनके बाद 20 डीएसपी तैनात किए गए हैं।
इन अधिकारियों के दिशा-निर्देश में विभिन्न जिलों के 27 इंस्पेक्टर सहित 1521 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा में लगेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 50 ट्रैफिक पुलिस स्टाफ व महिलाओं के लिए 95 लेडी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार हिसार आ रहे हैं।