प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंत्री अनिल विज
- फोटो : फाइल फोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोहाली के मैक्स अस्पताल में उपचाराधीन हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज को फोन कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने विज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। विज ने सोमवार को स्वयं ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि सोमवार सुबह 9.44 बजे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैक्स अस्पताल मोहाली में बाई जांघ की हड्डी टूटने के बाद उपचाराधीन मेरा हालचाल जानने के लिए फोन आया तो सारी पीड़ा दूर हो गई। मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता की भी आप इतनी चिंता करते हैं आपको कोटि-कोटि नमन व धन्यवाद’। उन्होंने बताया कि मोदी ने उनसे करीब पांच मिनट बातचीत की। प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य का ध्यान रखने का सुझाव दिया है।
विज बीते दिनों अपने निवास स्थान पर फिसल गए थे। उनके जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया था। उनका मोहाली के मैक्स अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। वे वहीं पर उपचाराधीन हैं। प्रदेश के अनेक नेताओं ने अस्पताल में उनसे मुलाकात की और कुशलक्षेम जाना है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी अस्पताल पहुंचकर विज का दो बार हालचाल जान चुके हैं। सोमवार को सहकारिता मंत्री बनवारी लाल भी गृहमंत्री का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।
स्वास्थ्य मंत्री विज से मिले उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मैक्स अस्पताल मोहाली में मुलाकात की। उन्होंने विज का हालचाल जाना। दोनों में करीब 30 मिनट बातचीत हुई। दुष्यंत ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।