मनीमाजरा। स्थानीय निवासियों ने सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को दूर करने और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। भाजपा के मंडल प्रधान राजीव ढींगरा ने पत्र में मनीमाजरा सिविल अस्पताल के हालात की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने मांग की है कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को पूरी करने के साथ मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाई जाएं।
इससे पहले चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग की निदेशक को मिलकर डॉक्टरों की कमी दूर करने के साथ अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने की अपील की थी। अमर उजाला ने सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, खराब हो रहे चिकित्सा उपकरण और सही इलाज न मिलने का मुद्दा उठाया था। इसके बाद चंडीगढ़ के प्रशासक व पंजाब के गवर्नर ने कुछ दिन पहले अस्पताल का दौरा कर मरीजों और चिकित्सा अधीक्षक से जायजा लिया था।
रेडियोलॉजिस्ट का पद तीन साल से खाली
भाजपा नेता अंकित अरोड़ा ने बताया कि मनीमाजरा अस्पताल में पिछले तीन साल से अल्ट्रासाउंड करने वाले रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली पड़ा है। अस्पताल में त्वचा रोग, आंखों, नाक-कान-गला और बाल रोग विशेषज्ञ नहीं हैं। इससे दूरदराज से आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, राजीव ढींगरा ने कहा कि रात को इमरजेंसी में सीनियर डॉक्टर न होने से लोगों को कोई इलाज नहीं मिल पाता है। रात को आने वाले मरीजों को जीएमएसएच-16 और जीएमसीएच 32 रेफर कर दिया जाता है। मनीमाजरा अस्पताल में रात के समय आसपास के इलाके से काफी लोग इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचते हैं।