एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद अपनी दावेदारी पुख्ता करने के लिए वीरवार को चंडीगढ़ पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। उनके साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी आईं। आज सवेरे जब कोविंद एयरपोर्ट उतरे तो पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट से कोविंद यूटी गेस्ट हाउस गए। वहां पर उन्होंने अकाली दल और भाजपा के विधायक व सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियों को लेकर भी बातचीत हुई। अपनी उम्मीदवारी के बारे में उन्होंने सभी बताया और उनसे समर्थन मांगा। मुलाकात के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल सहित हरियाणा पंजाब के कई मंत्री और नेता मौजूद रहे। सभी ने समर्थन का भरोसा भी दिलाया।
इस मौके पर प्रकाश सिंह बादल ने रामनाथ कोविंद को एक काबिल उम्मीदवार बताते हुए उनके पक्ष में तमाम पार्टियों को राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन देने की अपील की। साथ ही प्रकाश सिंह बादल ने खुद को उपराष्ट्रपति पद की दौड़ से भी बाहर बताया और कहा कि वो पंजाब में रहकर पंजाब की सेवा करना चाहते हैं और उनका केंद्र की राजनीति में उपराष्ट्रपति पद या अन्य किसी पद पर जाने का कोई इरादा नहीं है।