चंडीगढ़। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन ने पंजाब के राज्यपाल और शहर के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रशासक से चंडीगढ़ में तेल और गैस बुनियादी ढांचे की प्रगति और ऊर्जा क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की हिस्सेदारी को 15% तक बढ़ाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण पर चर्चा की।
डॉ. अनिल जैन ने बताया कि यूटी प्रशासन के सहयोग से सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) लाइसेंसधारी मार्च 2025 तक शहर के हर घर में पीएनजी प्रदान करने के लिए तैयार हो जाएंगे। यह शहर की स्वच्छ और हरित शहर की स्थिति के अनुरूप होगा। उन्होंने राज्यपाल को पीएनजीआरबी द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी।
डॉ. जैन ने राज्यपाल को पंजाब में प्राकृतिक गैस को बढ़ावा देने की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर खाना पकाने में पाइप्ड प्राकृतिक गैस और परिवहन में सीएनजी के उपयोग में निहित पर्यावरणीय लाभ और सुविधा पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान औद्योगिक और वाणिज्यिक इकाइयों में प्राकृतिक गैस द्वारा प्रदूषणकारी ठोस और तरल ईंधन के प्रतिस्थापन, भूमि बहाली शुल्क में युक्तिकरण, सीएनजी पर वैट आदि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। राज्यपाल ने इस पहल की सराहना की और चंडीगढ़ में प्राकृतिक गैस के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस बीच पीएनजीआरबी के अध्यक्ष ने गृह सचिव और प्रशासक के सलाहकार नितिन कुमार यादव सहित आयुक्त नगर निगम चंडीगढ़ आनिंदिता मित्रा से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान प्राकृतिक गैस को बढ़ावा देने और घरेलू, परिवहन, औद्योगिक और वाणिज्यिक इकाइयों में इसके बढ़ते उपयोग के मुद्दों पर चर्चा की गई। गृह सचिव ने इस साझा लक्ष्य के लिए यूटी प्रशासन के पूर्ण समर्थन का भी आश्वासन दिया। इस चर्चा के बाद उर्जा क्षेत्र में चंडीगढ़ में स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जगी है।