चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने कार्यरत गर्भवती महिलाओं को ऑफिस आने से छूट दी है। बोर्ड के सीईओ यशपाल गर्ग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गर्भवती महिला कर्मचारियों को आफिस आने की जरूरत नहीं है। वह अब घर से ही काम कर सकती हैं। शहर में कोरोना वायरस के फैलने के चलते एहतियात के तौर पर ये फैसला लिया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार सीएचबी के बाकी स्टाफ को छुट्टी वाले दिन भी आफिस आना पड़ेगा, क्योंकि बोर्ड को प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए को-आर्डिनेशन की जिम्मेदारी मिली हुई है। बोर्ड ने अपने आदेशों में कहा कि गर्भवती महिला कर्मचारी इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अपने इंचार्ज के समक्ष उचित मेडिकल डाक्यूमेंट के साथ आवेदन दें। इसके बाद उन्हें किसी भी प्रकार की अप्रूवल की जरूरत नहीं होगी। वहीं, प्रवासी मजदूरों की मूवमेंट के काम को पूरा करने के लिए सीएचबी के कर्मचारी रोजाना सुबह 9 से शाम 5 बजे तक जुटे हैं।