अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) ने राज्यभर में 17 टायर पायरोलेसिस ऑयल (टीपीओ) यूनिटों का व्यापक निरीक्षण किया जिनमें से 11 यूनिट निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन नहीं कर रही थीं। यही कारण है कि बोर्ड ने इन यूनिटों को नोटिस जारी किया है। उल्लंघन में उचित वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की कमी, पायरो गैस का असुरक्षित प्रबंधन और गंदे पानी के प्रबंधन में खामियां शामिल थीं। इस निरीक्षण का उद्देश्य पर्यावरण सुरक्षा उपायों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और कानून व निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत आवश्यक प्रदूषण नियंत्रण उपायों के अनुपालन का मूल्यांकन करना है। टायर पायरोलेसिस में टायर पायरोलेसिस ऑयल (टीपीओ) और कार्बन ब्लैक को उप-उत्पाद के रूप में तैयार करने के लिए ऑक्सीजन-रहित परिस्थितियों में अपशिष्ट टायरों को प्रोसेस किया जाता है। अगर इन यूनिटों को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुसार नहीं चलाया जाता है, तो ये यूनिटें गंभीर पर्यावरणीय खतरों जैसे कि काले धुएं का उत्सर्जन, पायरो गैस का असुरक्षित प्रबंधन और गंदे पानी के सही तरीके से निपटान न होने का कारण बन सकती हैं।