पंजाब के पठानकोट में भाजपा सांसद एवं अभिनेता सनी देओल लगातार विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। गुरुवार को शहर के सिटी रेलवे स्टेशन पर आम आदमी पार्टी के वालंटियरों ने सांसद सन्नी देओल की गुमशुदगी के पोस्टर लगाए। युवाओं ने पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन के सात स्थानों पर पोस्टर लगाने के बाद रोष जताते हुए कहा कि जनता ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं का हल करने के लिए जिताया था लेकिन जीतने के बाद वह अपने कामों में ही व्यस्त हो गए।
आप युवा नेता वरुण कोहली ने बताया कि दो वर्षों से सांसद सन्नी देओल के लोगों को दर्शन ही नहीं हुए हैं। वह कोविड से पहले पठानकोट आए थे। इसके बाद कोविड आ गया और वह हलके में आए तक नहीं। कोविड के बाद वह अपनी गदर-पार्ट टू की शूटिंग में व्यस्त हो गए। हालांकि, बीच-बीच में भाजपा नेताओं ने उनके जल्द पठानकोट आने की बात कही परंतु वह नहीं आए।
वरुण ने कहा कि पिछले दिनों पठानकोट को हिमाचल से जोड़ने वाला चक्की पुल बह गया। एयरपोर्ट को जाने वाला रास्ता बह गया परंतु उनके दर्शन तक नहीं हुए। इसी रोष स्वरूप उन्होंने सिटी स्टेशन पर उनकी गुमशुदगी के पोस्टर लगाकर अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने कहा कि अगर सनी देओल को बॉलीवुड में व्यस्त रहना था तो लोकसभा हलका गुरदासपुर के लोगों के साथ झूठे वादे क्यों किए।
उन्होंने कहा कि अक्सर भाजपा के नेता सनी देओल की पैरवी करते हैं कि वह जल्द ही पठानकोट आएंगे लेकिन अपने पूरे कार्यकाल के दौरान दो से तीन बार पठानकोट व गुरदासपुर आए हैं। ऐसे में पठानकोट के लोगों का भाजपा और सनी देओल दोनों से ही मोहभंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही सनी देओल पठानकोट न आए और लोगों की समस्याओं का हल न किया तो आप बड़े स्तर पर भाजपा के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।
लोगों ने कहा कि वह खुद को पंजाब का बेटा कहते हैं लेकिन उन्होंने कोई औद्योगिक विकास नहीं किया है। एमपी फंड आवंटित नहीं किया है या यहां केंद्र सरकार की कोई योजना नहीं लाई है। एक स्थानीय नागरिक का कहना है कि अगर वह काम नहीं करना चाहता हैं तो उनको अपना इस्तीफा दे देना चाहिए। बता दें कि इससे पहले भी कई बार सनी देओल के लापता होने के पोस्टर पठानकोट और गुरदासपुर में लग चुके हैं।