महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि सरकार की यह योजना शिव भक्तों के लिए अच्छी खुशखबरी है। जो कोरोना के चलते कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध होने के कारण गंगाजल नहीं ला पा रहे थे। उन्हें यह गंगाजल अब उनके शहरों में मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना का और विस्तार होना चाहिए ताकि सभी शिव भगत कांवड़ियों को गंगाजल मिल सकें।
भारी मात्रा में गंगाजल उपलब्ध कराने का अनुरोध
डीसी मुकुल कुमार ने बताया की शिव भक्त कांवड़ियों की आस्था को देखते हुए सरकार ने पोस्टल विभाग से अनुरोध किया है कि भारी मात्रा में गंगाजल की बोतलें प्रदेश के सभी छोटे बड़े शहरों में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि शहर के पोस्ट ऑफिस में गंगाजल उपलब्ध है। जहां से लोग प्रतिदिन जरूरत के मुताबिक खरीद सकते हैं।
250 मिली लीटर की एक बोतल 30 रुपये में
पोस्ट ऑफिस की प्रमुख सुधा रानी ने बताया कि 250 मिली लीटर की एक बोतल 30 रुपये में उपलब्ध है। पोस्ट ऑफिस में मांग के अनुसार कई काउंटर लगाए गए हैं। जहां श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। गंगोत्री से आ रहा यह गंगाजल अभी काफी संख्या में लोग लेकर जा रहे हैं। लोगों की मांग को देखते हुए अब और अधिक संख्या में स्टॉक में बढ़ोत्तरी करवाई जा रही है।