चंडीगढ़। सत्र 2024-25 में अंडर ग्रेजुएट कोर्स में नए दाखिले के लिए उच्च शिक्षा विभाग तीन जून से केंद्रीकृत पोर्टल खोल सकता है। पीयू के सत्र 2024-25 के लिए जारी एकेडमिक कैलेंडर में यूजी और पीजी कोर्सेज के लिए दाखिला प्रक्रिया तीन और 10 जून से शुरू करने की जानकारी दी गई है। कॉलेज प्राचार्यों से मिली जानकारी के अनुसार यूजी दाखिले के लिए सेंट्रलाइज्ड एडमिशन पोर्टल तीन जून तक खुलने के बारे में बताया जा रहा है लेकिन तारीख आगे भी बढ़ सकती है।
उच्च शिक्षा विभाग के केंद्रीकृत पोर्टल जारी करने के बाद शहर के पांच निजी कॉलेज अपने विवरण-पुस्तिका (प्रोस्पेक्टस) लॉन्च करेंगे। बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीएससी मेडिकल, बीएससी नॉन मेडिकल में दाखिले के लिए सभी कॉलेजों के लिए केंद्रीकृत दाखिला प्रक्रिया होगी। इनके अलावा अन्य कोर्स में आवेदन करने पर कॉलेज स्तर पर दाखिला प्रक्रिया होगी। पिछले सत्र में भी अंडर ग्रेजुएट कोर्स के लिए तीन जून और पोस्ट ग्रेजुएट की 12 जून से दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इस बार भी यूजी के लिए तीन से प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश है।
विज्ञापन
एकेडमिक काउंसिल की बैठक की तारीख बढ़ी :
आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस के विभिन्न कोर्स के पाठ्यक्रम को मंजूरी देने के लिए होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक 27 मई से बढ़ाकर जून माह के लिए कर दी गई है। पहले मई माह के अंत में बैठक होनी थी लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते इसे आगे के लिए बढ़ाया जा रहा है। अधिकतर शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में मतदान केंद्रों में लगी है जिसके तहत एक जून तक बैठक का होना मुश्किल है। बताया जा रहा है कि अब तीन जून को बैठक की जाएगी। बैठक में पहली बार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार किए पेपर पर चर्चा की जाएगी, जिसे शिक्षक पिछले साल से तैयार करने में जुटे रहे।
पीयू के कैलेंडर अनुसार यूजी और पीजी की कक्षाएं 15 जुलाई से शुरू होगी। यूजी और पीजी की दाखिला प्रक्रिया 13 जुलाई तक होगी। यूजी कोर्स में लेट फीस के साथ प्राचार्य की मंजूरी से लेट दाखिला 23 जुलाई से 10 अगस्त तक होगा। कुलपति की मंजूरी से लेट फीस के साथ लेट दाखिला 12 से 31 अगस्त तक होगा। पीजी कोर्स में लेट फीस के साथ प्राचार्य की मंजूरी से दाखिला 26 जुलाई से नौ अगस्त तक होंगे। कुलपति की मंजूरी से लेट फीस के साथ दाखिला 10 से 31 अगस्त तक होंगे। सत्र 2024-25 में शुरू होने वाले सेमेस्टर की शैक्षणिक अवधि 15 जुलाई से 18 नवंबर तक रहेगी।