रिहायशी इलाके के पास की कंपनी के निरीक्षण व कार्रवाई की मांग
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। मौली जागरां के विकास नगर में पुराने टायरों और रबर के कबाड़ से फैल रहे प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। कॉलोनी के नजदीक संचालित एक टायर और स्क्रैप कंपनी पर दुर्गंध और धूल फैलाने का आरोप लगाते हुए निवासी सोमीत कुमार शर्मा ने 24 नवंबर को चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति को शिकायत भेजी है।
शिकायत में कहा गया है कि कबाड़ से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों के लिए घरों के दरवाजे और खिड़कियां खोलना भी मुश्किल हो गया है। इसका असर खासकर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। लोगों को खांसी, सांस लेने में परेशानी, गले में जलन और एलर्जी जैसी दिक्कतें हो रही हैं।
शिकायतकर्ता ने स्थल का निरीक्षण कराने, हवा की गुणवत्ता की जांच करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने इकाई को रिहायशी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित करने की भी मांग उठाई है। वहीं, सीपीसीसी के सदस्य सचिव ने कहा कि मामले की जांच करवाकर संबंधित विभाग को लिखा जाएगा।