उधर, प्रदेश में कृषि विधेयकों के विरोध में किसान संगठनों का प्रदर्शन जारी है। किसानों ने 25 सितंबर को भारत बंद को लेकर गांवों में जनसंपर्क किया और बंद में भाग लेने की अपील की। हिसार में अखिल भारतीय किसान सभा की जिला इकाई का लघु सचिवालय के बाहर 17वें दिन भी धरना जारी रहा। हालांकि कई जिलों में आढ़तियों ने मीटिंग कर हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया है।
यह तस्वीर हरियाणा के पानीपत की है।
अंबाला: छह घंटे बंद रहा यातायात
राजपुरा पुलिस ने पंजाब से आ रहे वाहनों को जीरकपुर-लालड़ू के रास्ते हरियाणा की ओर भेजा। शंभू थाना पुलिस ने पंजाब से आ रहे वाहनों को शंभू बैरियर से धर्मगढ़-लालड़ू-घनौर के रास्ते अंबाला के लिए निकाला। इससे राजपुरा से शंभू बैरियर तक 14 किमी लंबा जाम लग गया और सुबह 10:00 बजे से 4:00 बजे तक राजपुरा-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद रहा।
पानीपत: तीन घंटे रूट डायवर्ट कर निकाले वाहन
कई जगह रोके जाने के कारण जीटी रोड पर करीब 100 ट्रैक्टरों पर 300 किसान ही पहुंच पाए। किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन और हल्के बल का इस्तेमाल किया। ट्रैक्टर रैली के कारण जीटी रोड पर करीब तीन घंटे तक जाम भी लगा रहा। जाम के कारण जीटी रोड से जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट करना पड़ा।
पानीपत में जीटी रोड पर ट्रैक्टर रैली।
पुलिस ने इसराना से कांग्रेसी विधायक बलबीर बाल्मिकी और समालखा से कांग्रेसी विधायक धर्म सिंह छौक्कर, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री निवास, प्रदेशाध्यक्ष सचिन कूंडू समेत करीब 35 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रोडवेज बस में पानीपत की पुलिस लाइन भेजा। आधे घंटे तक कांग्रेसी नेता विरोध प्रदर्शन कर नारे लगाते रहे, इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
भारत बंद: मंडियों में नहीं होगी खरीद, बिक्री
हरियाणा की अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने 25 सितंबर के भारत बंद को समर्थन देने का निर्णय लिया है। किसानों के समर्थन में आढ़ती प्रदेश की सभी अनाज मंडियों को शुक्रवार को बंद रखेंगे। मंडियों में न तो किसी प्रकार का अनाज खरीदा जाएगा न ही बेचा। हरियाणा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन रजनीश चौधरी ने कहा कि किसानों और आढ़तियों का वर्षों से चोली-दामन का साथ है। इसलिए उन्होंने भारत बंद में शामिल होने का फैसला लिया है। नए कृषि कानूनों के रद्द होने पर ही आंदोलन जारी रहेगा।
पानीपत में पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार।
हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ेंगे
भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम चढूनी व प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा है कि वे भारत बंद का पूरा समर्थन करेंगे। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के संयोजक बीएम सिंह की तरफ से बंद के दौरान प्रदर्शन को लेकर निर्देश आए हैं। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाएंगे। उनकी केंद्र सरकार से मांग है कि किसानों की आपत्तियों को मद्देनजर रखकर नए कानून निरस्त किए जाएं। इन्हें जबरन किसानों पर न थोपें। किसान व किसानी को इससे लाभ नहीं होने वाला। हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ी जाएगी।