अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में अवैध खनन और शराब की तस्करी रोकने के साथ-साथ बिजली और पानी की चोरी रोकने के लिए सभी 22 जिलों में राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के थाने खोले जाएंगे। अभी आठ जिलों अंबाला करनाल रोहतक जींद रेवाड़ी गुरुग्राम फरीदाबाद और हिसार में राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के थाने हैं। शेष जिलों में थाने खोलने की प्रक्रिया अब शुरू होगी। इस संबंध में प्रदेश के गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने आदेश जारी किए हैं। गौर हो कि हरियाणा में शराब तस्करी, अवैध खनन, बिजली-पानी चोरी के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए पिछले साल मार्च में राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) स्तर के अधिकारी के अधीन काम करने वाले ब्यूरो के लिए पहले चरण में 1049 कर्मचारियों व अधिकारियों की नियुक्ति को हरी झंडी दी गई है। इनमें एक एडीजीपी, एक एसपी, पांच डीएसपी, 23 इंस्पेक्टर, 65 सब इंस्पेक्टर, 123 एएसआई, 274 हेड कांस्टेबल और 557 कांस्टेबल के पद शामिल हैं। ब्यूरो का प्रमुख पुलिस महानिदेशक के माध्यम से ही गृह विभाग को अपनी रिपोर्ट भेजेगा।