चंडीगढ़। शहर में 14 साल की एक नाबालिग लड़की का जबरन विवाह कराया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (सीसीपीसीआर) हरकत में आ गया। पुलिस के सहयोग से आयोग ने यह शादी रुकवा दी। पुलिस ने परिजनों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग को जानकारी मिली थी कि शहर में एक 14 साल की लड़की का जबरन विवाह करवाया जा रहा है। आयोग की चेयरपर्सन हरजिंदर कौर ने इस मामले में दखल दिया और चाइल्ड हेल्पलाइन को इस बारे में जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम लड़की के घर गई और विवाह को लेकर हो रहे कार्यक्रमों को रुकवाया। 14 वर्ष की लड़की का विवाह मोहाली के नयागांव में किया जा रहा था। सेक्टर-11 के पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है। आयोग की चेयरपर्सन ने पुलिस थाने के एसएचओ से नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।