नयागांव। दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद नयागांव पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें नयागांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पीजी, किराए के मकानों और होटलों की जांच कर रही हैं। इस दौरान एसएचओ सतनाम सिंह की अगुवाई में टीम ने सभी स्थानों पर जाकर किरायेदारों और बाहर से रह रहे लोगों का रिकॉर्ड खंगाला और दस्तावेजों की जांच की। एसएचओ ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मकान मालिकों और होटल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां ठहरे लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से करवा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग समय पर वेरिफिकेशन नहीं करवाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।