पंचकूला। सेक्टर-16 स्थित बैंक ऑफ इंडिया में एटीएम डिपॉजिट मशीन में नकली नोट जमा करवाने वाले आरोपी को सेक्टर-16 पुलिस चौकी की टीम जेल से प्रोडक्शन वारंंट पर लेकर आई है। आरोपी की पहचान मुस्तकीम सालमनी मौलीजांगरा चंडीगढ़ निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से नकली नोट बनानी वाली मशीन को बरामद किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, बैंक की ओर से पुलिस में दी शिकायत में बताया गया कि 18 जनवरी को मौलीजांगरा निवासी मुशेतकीम सलमानी ने बैंक के एटीएम के माध्यम से 28 हजार रुपये जमा करवाए। इसमें नोटों की संख्या 500 में थी। उन नोटों में से पांच नोट नकली निकले। सभी पांच नोटों की वैल्यूएशन कुल 2500 रुपये थी। बैंक की ओर से दी शिकायत में नकली नोटों का लैब से टेस्टिंग करवाने के बाद मामला दर्ज करने के लिए शिकायत दी गई। सेक्टर-16 पुलिस चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह ने बताया कि उपरोक्त आरोपी अपने साथी के साथ 16 फरवरी को टोल प्लाजा जगाधरी के पास से जाली नोट के साथ गिरफ्तार हुआ था। आरोपी के पास 500/500 और 100/100 के नकली नोट मिले थे। आरोपियों के पास से कुल 8.5 लाख रुपये की नकली नोट मिले थे।