चंडीगढ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फ़ोर्स हेरोइन तस्करी के मामले में लुधियाना की सेंट्रल जेल से आरोपी शिवम (32) को प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। उसके खिलाफ पहले से पंजाब में एनडीपीएस के तीन केस दर्ज हैं। इनमें से एक मामला पंजाब पुलिस की एसटीएफ ने मोहाली में दर्ज किया था। इस मामले में शिवम से 1.440 किलो हेरोइन बरामद हुई थी। क्राइम ब्रांच ने बीते जून महीने में विकास नगर, नयागांव के शाहवाज उर्फ सोनू को 60 ग्राम हेरोइन के समेत गिरफ्तार किया था। उसके घर से 6.65 ग्राम हेरोइन और 6700 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई थी। पूछताछ में उसने बताया था कि इस ड्रग का मुख्य तस्कर लुधियाना का शिवम है। आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को दे दिया था। लुधियाना में छापे के दौरान पुलिस को पता लगा कि वह एक ड्रग मामले में लुधियाना जेल में बंद है। इसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। क्राइम ब्रांच आरोपी शिवम से ड्रग तस्करी से जुड़ी और जानकारियां जुटाने में लगी हुई है।