गणतंत्र दिवस के मद्देनजर यूटी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वीरवार को सेक्टर-17 परेड ग्राउंड के आसपास 1100 पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
डीएसपी सिक्योरिटी कृष्ण कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर में 900 पुलिस मुलाजिम तैनात होंगे। साथ ही 11 डीएसपी और 35 इंस्पेक्टर परेड ग्राउंड के आसपास तैनात रहेंगे। डीएसपी के अनुसार आईबी से कुछ इनपुट भी मिले हैं, इसके बाद पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।
डीएसपी ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए शहर में 110 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही आपरेशन सेल के कमांडो भी परेड ग्राउंड पर तैनात रहेंगे। डीएसपी का कहना है कि हफ्ते भर से भीड़ भाड़ वाली जगहों पर बम निरोधक दस्ते के साथ सर्च की गई थी।
स्पेशल नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई थी। कुछ आपराधिक तत्वों को हिरासत में भी लिया गया था। एंट्री प्वाइंट्स पर 18 जगह नाके लगाएं जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध वस्तु या फिर व्यक्ति दिखे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में दे।
मंगलवार सुबह सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में पंजाब-हरियाणा के राज्यपाल और शहर के प्रशासक कप्तान सिंह सोलंकी तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।