फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Punjab Visit: पंजाब को कैंसर अस्पताल की सौगात, मान ने इशारों में मांगा पैकेज, पीएम मोदी ने साधी चुप्पी

Wed, 24 Aug 2022 04:38 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिवीरों की पवित्र धरती है। अपनी इस परंपरा को पंजाब ने हर घर तिरंगा अभियान के दौरान समृद्ध रखा। उन्होंने पंजाब के युवाओं का तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।  
विज्ञापन
मंच पर बैठे पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम भगवंत मान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देश भर में मिशन मोड पर काम हो रहा है। गरीब से गरीब तक इसकी पहुंच बनाने के लिए 64000 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का सपना पूरा करने की दिशा में केंद्र सरकार अग्रसर है। न्यू चंडीगढ़ में खुला 300 बेड का यह कैंसर अस्पताल उसी दिशा में बड़ा कदम है। इसका लाभ पंजाब-हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत छह राज्यों को मिलेगा। 

विज्ञापन




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर का लोकार्पण करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, लड़ने की जरूरत है। कई लोग हैं जो इसे हराकर अच्छी जिंदगी जी रहे हैं। कैंसर के मरीजों की सरकार हर संभव मदद करेगी। 
विज्ञापन




उन्होंने कहा कि देश के हर कोने में कैंसर के इलाज की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार छह मोर्चों पर काम कर रही है। सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को अच्छे इलाज की सुविधा दी है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में हिमाचल के दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए लोग पीजीआई आते हैं। पीजीआई में भीड़ अधिक होती है लेकिन अब बिलासपुर में भी एम्स है। जिसे बिलासपुर पास पड़ेगा वह वहां जाएगा और जिसे मोहाली पास पड़ेगा वह यहां आएगा।
 


पंजाब में तीन हजार वेलनेस सेंटर
उन्होंने कहा कि देश में 70 साल में सिर्फ 400 मेडिकल कॉलेज थे जबकि हमने आठ साल में ही 200 मेडिकल कॉलेज बनवा दिए हैं। हमारी सरकार ने गांव-गांव में आधुनिक हेल्थ वेलनेस सेंटर खोले। सरकार का डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर खोलने का लक्ष्य है, जिसमें सवा लाख वेलनेस सेंटर खोले जा चुके हैं। अकेले पंजाब में तीन हजार सेंटर सेवाएं दे रहे हैं।

पंजाब के 60 लाख लोगों की स्क्रीनिंग पूरी
यह भाजपा सरकार का विजन है कि देश भर में कैंसर के 22 करोड़ संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग हो चुकी है, जिनमें 60 लाख पंजाब के हैं। जिन लोगों में कैंसर की पहचान हुई है, उन्हें खतरे से बचा पाना संभव हो पाया है। बीमारी का पता चलता है तो उसका इलाज भी संभव होता है। पूर्व सरकारों ने इस तरफ आज तक ध्यान ही नहीं दिया।




2014 के बाद 200 मेडिकल कॉलेज और खोले
मोदी ने कहा कि बठिंडा का एम्स बढ़िया सेवाएं दे रहा है। पहले सात एम्स होते थे अब देश में 21 एम्स हैं। सरकार देश के हर कोने में कैंसर के इलाज की सुविधा कर रही है। हरियाणा के झज्जर में, वाराणसी में डिब्रूगढ़ में भी कैंसर के इलाज की व्यवस्थाएं बनाई गई हैं। 2014 तक देश में 400 मेडिकल कॉलेज थे। पिछले आठ साल में हमने 200 मेडिकल कॉलेज और खोले हैं। इनसे से मेडिकल सीटों के साथ रोजगार के अवसर बढ़े हैं। 

गरीबों के 40 हजार करोड़ बचाए
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाती है। पांच लाख तक का खर्च सरकार उठाती है। यदि यह पैसा गरीब जनता के पास से जाता तो 40 हजार करोड़ सालाना गरीबों का पैसा खर्च होता। यही नहीं सरकार ने जन औषधि केंद्रों पर 500 से ज्यादा कैंसर की दवाओं की कीमत 90 प्रतिशत तक कम की है।

विज्ञापन

भगवंत मान ने मोदी की तारीफों के पुल बांधे
अपनी पूरी कैबिनेट के साथ प्रधानमंत्री की अगुवाई में पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान ने प्रधानमंत्री मोदी की खातिरदारी में कोई कसर नहीं छोड़ी। मंच पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनकी शान में कसीदे पढ़े और पंजाब की तरफ नजर-ए- इनायत करने की मांग की। भगवंत मान ने यहां तक कहा कि पिछली बार आप यहां आए और चले गए, हमें अच्छा नहीं लगा। 

पंजाब के लोग मेजबानी के लिए जाने जाते हैं। हम आपके आगमन पर आंखें बिछा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की अंगूठी में पंजाब एक नग की तरह है, इस नग की चमक बरकरार रखें। मान को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री पंजाब आए हैं तो कोई न कोई घोषणा सूबे के लिए करके जाएंगे लेकिन मोदी अपने सधे हुए भाषण में स्वास्थ्य सुविधाओं पर केंद्र सरकार का विजन पेश कर निकल गए। 

पंजाब की तारीफ
पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिवीरों की पवित्र धरती है। अपनी इस परंपरा को पंजाब ने हर घर तिरंगा अभियान के दौरान समृद्ध रखा। उन्होंने पंजाब के युवाओं का तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया। 




इन छह मोर्चों पर काम कर रही केंद्र सरकार
  • पहला: प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को बढ़ावा देना
  • दूसरा: गांव-गांव में छोटे और आधुनिक अस्पताल खोलना
  • तीसरा: शहरों में मेडिकल कॉलेज और मेडिकल रिसर्च वाले बड़े संस्थान खोलना
  • चौथा: देश में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाना
  • पांचवां: मरीजों को सस्ती दवाएं, सस्ते उपकरण उपलब्ध करवाना
  • छठा: तकनीक का इस्तेमाल करके मरीजों को होने वाली मुश्किलें कम करना

मंच पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह और कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी मौजूद रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें