जलालाबाद। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित व सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। हलका विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने अरनीवाला ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 241 लाभार्थियों को मकानों के मंजूरी पत्र वितरित किए। आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी परिवार शामिल हुए। पक्के घर का सपना साकार होने की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखी। विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार गरीब परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि मंजूरी पत्र केवल कागज नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की कुंजी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मकान तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ और पूरी पारदर्शिता से बनकर तैयार किए जाएंगे। संवाद