चंडीगढ़। एसडीएम ईस्ट रुचि सिंह ने बुधवार रात अपने इलाके में क्लब व रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान सेक्टर-7 के रेस्टोरेंट टर्मिनल-7 और औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 के प्लेब्वाय क्लब में ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था। एसडीएम के निर्देश पर दोनों रेस्टोरेंट व क्लब को सील कर दिया गया। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए लिख दिया गया।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट व क्लबों में हुक्का परोसने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंध के बावजूद क्लब और रेस्टोरेंट संचालक चोरी-छिपे ग्राहकों को हुक्का परोस रहे हैं। प्रशासन को इसकी शिकायत मिल रही थी। इसके बाद प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने सभी एसडीएम को अपने इलाके में जांच करने के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान अगर कोई भी क्लब या रेस्टोरेंट हुक्का परोसते हुए पाया जाता है, तो उस संबंधित क्लब को 3 दिन के लिए सील किया जाता है और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।