चंडीगढ़। दो हजार से अधिक विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। पंजाब यूनिवर्सिटी ने पीएचडी और एमफिल प्रवेश परीक्षा 7 मार्च को कराने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 2 मार्च से प्रवेश पत्र मिलेंगे। यह खबर जैसे ही पीएचडी करने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को मिली तो वे खुशी से झूम उठे और पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुट गए।
पीयू की ओर से हर साल पीएचडी प्रवेश परीक्षा करवाई जाती है। इस बार नवंबर में विद्यार्थियों से आवेदन लिए गए। उसके बाद पीयू ने नेट व जेआरएफ वाले विद्यार्थियों के दाखिले करने शुरू कर दिए। पीएचडी प्रवेश परीक्षा का मामला दबा दिया गया। आवेदन जिन विद्यार्थियों से मांगा था उन्हें झटका लगा। सबसे अधिक प्रभाव तब विद्यार्थियों को पड़ा, जब पीयू ने पीएचडी की कक्षाओं का कार्यक्रम जनवरी में जारी कर दिया। इससे शोधर्थियों को लगा कि अब तक प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। इस प्रकरण को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया और उसके बाद पीयू प्रशासन की आंखें खुलीं और आखिरकार बुधवार को पीएचडी प्रवेश परीक्षा करवाने के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया। हालांकि विभागों की ओर से भी बड़ा दबाव पड़ा था। अब पीएचडी प्रवेश परीक्षा होने से स्कॉलरशिप का भी प्रयोग पीयू कर सकेगी। हर विभाग के टॉपर विद्यार्थी को स्कॉलरशिप का लाभ मिलता है।