शहर में एक बार फिर चोरों ने बंद घर को अपना निशाना बनाया है। फेज-5 के एक घर में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से 12 हजार रुपये की नगदी और कीमती सामान ले गए। थाना फेज-1 पुलिस ने पर्चा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बलवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनका फेज-5 में 1196 नंबर घर है। वह अपने बेटे गुरसिमरत सिंह के साथ दवा लेने के लिए गए थे। इसी बीच उनकी पुत्रवधू भी स्कूल चली गई थी और घर में कोई नहीं था। जब वह अपने बेटे सहित घर वापस आए तो देखा की घर के दरवाजे की कुंड़ियां टूटी हुई थीं। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जब घर में देखा तो 12 हजार रुपये नगद और कीमती सामान गायब था। थाना फेज-1 पुलिस ने इस संबंध में शिकायत पर पर्चा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि नए साल के शुरू से ही ऐसी वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह शहर में सक्रिय हुआ है। जो बंद घरों को अपना निशाना बना रहा है। पहले फेज-3ए की बंद पड़ी कोठी में चोरी हुई। इसके बाद फेज-11 के साथ लगते दो घरों में चोरी की वारदात हुई। फिर फेज-9 में बंद पड़ी प्रॉपर्टी डीलर की कोठी को निशाना बनाया गया। जहां से लाखों रुपये की ज्वेलरी व 25 हजार के करीब नगदी चोरी हुई। हालांकि, अभी तक पुलिस गिरोह के सदस्यों को काबू नहीं कर पाई है।