चंडीगढ़ में रविवार को केवल 2 कोरोना संक्रमितों के मिलने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। नए मरीजों में हरियाणा एमएलए हॉस्टल की डिस्पेंसरी में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात 45 वर्षीय महिला भी शामिल है, जो सेक्टर-22 में रहती है। वहीं, मौलीजागरां की 25 वर्षीय युवती में भी कोरोना की पुष्टि हुई। इसके साथ ही शहर में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 413 हो गई है।
सेक्टर-22 निवासी महिला फार्मासिस्ट हरियाणा सरकार की कर्मचारी है। बीते शनिवार को उसका कोरोना टेस्ट हुआ था। रविवार को रिपोर्ट में महिला में कोरोना की पुष्टि हुई। महिला के परिवार के चार सदस्यों व संपर्क में आने वाले तीन अन्य लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं। वहीं, मौलीजागरां निवासी युवती के परिवार के भी पांच सदस्यों व एक अन्य व्यक्ति के सैंपल लिए गए हैं।
बता दें कि बाहर से आने वाले लोग अब प्रशासन के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं क्योंकि ज्यादातर बाहर से आने वाले लोगों में ही कोरोना की पुष्टि हो रही है। शनिवार को शहर में अचानक 24 कोरोना के मरीज मिलने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पैर फूल गए थे। हालांकि मौलीजागरां शहर का दूसरा बापूधाम बन रहा है। यहां से लगातार कोरोना के केस मिल रहे हैं। कोरोना की चेन बढ़ने की आशंका से प्रशासन एहतियात के तौर पर कुछ कदम उठाने का भी फैसला लिया था।
फार्मासिस्ट दवा लेने गई थी पंचकूला, वहीं से आई संपर्क में
जानकारी के अनुसार, हरियाणा एमएलए हॉस्टल की डिस्पेंसरी में तैनात फार्मासिस्ट डिस्पेंसरी में दवाओं का स्टॉक खत्म होने पर पंचकूला से मेडिसन लेने गई थी। वहां पर स्टोर कीपर से दवा लेने के बाद वह वापस आ गई। कुछ दिन बाद पता चला कि वहां का स्टोर कीपर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसके बाद उसने अपना टेस्ट करवाया तो महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। फिलहाल महिला को जीएमएसएच-16 के आईसोलेशन वार्ड में एडमिट किया गया है।