खबर का असर 13 साल पुरानी मशीन की हार्ड डिस्क खराब होने से नए मरीजों का इलाज था बंद
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पीजीआई में इमेज गाइडेड रेडिएशन थेरेपी (आईजीआरटी) मशीन की खराबी दूर कर इसे दोबारा मरीजों के इलाज में शामिल कर लिया गया है। अब नए मरीजों को भी इस मशीन पर रेडिएशन थेरेपी मिलनी शुरू हो गई है। मशीन खराब होने के कारण नए मरीजों का इलाज रोक दिया गया था, जबकि फॉलोअप के मरीजों को दूसरी मशीन पर शिफ्ट किया जा रहा था। इससे दूसरी मशीन पर मरीजों का दबाव बढ़ गया था।
अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
अमर उजाला ने एक सितंबर को इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में 13 साल पुरानी आईजीआरटी मशीन की हार्ड डिस्क खराब होने से नए मरीजों का इलाज प्रभावित होने का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद पीजीआई प्रशासन ने मशीन को जल्द ठीक कराने के प्रयास तेज किए। बाहर से इंजीनियर बुलाकर दिन-रात खराबी दूर करने का काम किया गया। अब मशीन ठीक होने से मरीजों को राहत मिली है और नए मरीजों का इलाज भी दोबारा शुरू हो गया है।