चंडीगढ़। पीजीआई की गवर्निंग बॉडी की अहम बैठक मंगलवार को होने जा रही है। इसमें संस्थान से जुड़े कई बड़े प्रशासनिक और शैक्षणिक फैसलों पर मुहर लग सकती है। बैठक के एजेंडे में एम्स की तर्ज पर पीजीआई में सुधार लागू करने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में कैडर रिव्यू, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव, आधिकारिक कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने, भर्ती और प्रमोशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। लंबे समय से लंबित पदोन्नति और मानव संसाधन से जुड़े मामलों को लेकर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है। इसके अलावा संस्थान के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने, कार्य संस्कृति में सुधार और फैसलों की समयबद्ध प्रक्रिया तय करने पर भी मंथन होगा।