चंडीगढ़। पीजीआई रेजिडेंशियल कांप्लेक्स वेलफेयर एसोसिएशन ने शुक्रवार को डायरेक्टर को पत्र लिखकर परिसर की सुरक्षा की मांग को लेकर आवाज उठाई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र ने बताया कि कोरोना काल मे सुरक्षा में की जा रही अनदेखी परिसर में रह रहे 650 परिवारों को खतरे में डाल रही है। इससे पूर्व सुरक्षा में अनदेखी की शिकायत पर पीजीआई प्रशासन ने 13 लाख रुपये खर्च कर स्टील के गेट लगवाए थे लेकिन उसका कोई फायदा नहीं मिल रहा क्योंकि उन गेटों पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है। ऐसे में अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ ही रैन बसेरों में रह रहे मरीज यहां-वहां घूमते रहते हैं जिससे हर वक्त संक्रमण का खतरा मंडराता रहता है, इसलिए उन गेटों में से एक को रात में खुला रखते हुए बाकी को बंद करने की मांग की गई है। इसके साथ ही सेक्टर-24 के पीजीआई के आवासों की तर्ज पर पीजीआई कैंपस के आवासों को भी एक ही रंग में रंगवाने की गुजारिश की गई है। इससे रेजिडेंशियल कांप्लेक्स की अपनी पहचान हो सके।