चंडीगढ़। पीजीआई में 37 वर्षों तक सेवा देने वाले पूर्व एंडोक्रिनोलॉजिस्ट प्रो. आरजे दास का भुवनेश्वर में निधन हो गया है। पीजीआई ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। प्रो. दास एंडोक्रिनोलॉजी के बड़े जानकार थे। उनका जन्म ओडिशा के कटक जिले के एक छोटे से गांव मटिया में हुआ था। चिकित्सा में उनकी यात्रा एससीबी मेडिकल कॉलेज, कटक से शुरू हुई, जिसके बाद उन्होंने पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ से एमडी (मेडिसिन) और डीएम (एंडोक्रिनोलॉजी) किया। वह एंडोक्रिनोलॉजी में डॉक्टरेट ऑफ मेडिसिन (डीएम) करने वाले देश के पहले डॉक्टर बने। प्रो. दास ने पीजीआई की अथक सेवा की। वह कई पदों पर रहे। उन्होंने 70 से अधिक लोगों को डीएम की डिग्री के लिए प्रशिक्षित किया।