चंडीगढ़। पीजीआई की नर्सिंग ऑफिसर योग्यता वेतन रोकने के आदेश के विरोध में सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगी। इस संबंध में उन्होंने पीजीआई प्रशासन को पहले से सूचित कर दिया है। वहीं, मांग के समर्थन में नर्सिंग अफसरों का धरना निदेशक कार्यालय के बाहर चौथे दिन शुक्रवार को दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक जारी रहा। नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष मंजनीक कौर ने बताया कि इस संबंध में पीजीआई निदेशक से मांग पूरा करने का आश्वासन मिला है, लेकिन जब तक लिखित आदेश जारी कर पुराने आदेश को वापस नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को पारित आदेशों में कहा गया है कि बीएससी में स्नातक/डिग्री धारक योग्यता वेतन देने के संबंध में केंद्र से कोई निर्देश नहीं हैं, इसलिए इसे रोका जाएगा। मंजनीक ने बताया कि इन निर्देशों का असर नर्सिंग इंस्टीट्यूट के 2019 से 2023 बैच के लगभग 1500 नर्सिंग ऑफिसरों पर पड़ेगा, जिसके परिणामस्वरूप उनके वेतन में लगभग 2340 रुपये की कटौती होगी।