चंडीगढ़। पीजीआई रोटो की टीम ने कसौली में आयोजित कार्यक्रम में अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक किया। ‘कसौली क्लब समारोह’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में शामिल 37 अधिकारियाें ने अंगदान का संकल्प पत्र भरा। वहीं रोटो के स्टॉल पर अंगदान से जुड़ी जानकारियां लीं। कार्यक्रम के बारे में पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक व रोटो के नोटल अधिकारी प्रो. विपिन कौशल का कहना है कि जागरूकता पैदा करना पहला कदम है। इसलिए इस तरह के अवसरों के माध्यम से वे लोगों से जुड़ने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम में पीजीआई की रोटो की टीम ने लिव लाइफ, पास इट ऑन की थीम पर रक्षाकर्मियों के परिवारों को अंगदान से जुड़े मिथक के बारे में बताया। कसौली क्लब के सचिव कर्नल एसएस सिद्धू ने 101वें कसौली सप्ताह समारोह के दौरान अंगदान जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि कसौली क्लब की मूल विचारधारा करुणा और मानवीय भावना को बढ़ावा देना है। किसी की जान बचाने में सहायक होने से ज्यादा मानवता और कुछ नहीं हो सकती।