चंडीगढ़। कोरोना वायरस से बचाव को लेकर पीजीआई ने सोमवार को एडवाइजरी जारी की। इसमें बिना किसी इमरजेंसी के पीजीआई की ओपीडी में न आने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही सर्दी-जुकाम और बुखार से ग्रस्त लोगों को पीजीआई न्यू ओपीडी बिल्डिंग के प्रवेश द्वार पर बनाए गए आइसोलेशन रूम में रिपोर्ट करने को कहा गया है। विदेश यात्रा से लौटे लोगों को कम से कम दो हफ्ते तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। उन्हें किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर नजदीकी अस्पताल में जाने को कहा गया है। वहीं ओपीडी में आने वाले और विभिन्न वार्र्डों में भर्ती मरीजों के साथ सिर्फ एक अटेंडेंट के साथ होने की बात कही गई है। ट्रांसप्लांट, कैंसर और क्रॉनिक रीनल फैल्योर जैसे कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले मरीजों को जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक भीड़-भाड़ वाले स्थान और अस्पताल न आने की सलाह दी गई है।